डीएम ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश


अररिया 06 अगस्त(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उधोग भवन के सभागार में गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत एसबीआई की विभिन्न शाखाओं में लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एसबीआई के रीजनल मैनेजर मिथिलेश कुमार, सीएम क्रेडिट ब्रजेश कुमार, एलडीएम इंदु शेखर, कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार एवं राजेश प्रियदर्शी सहित विभिन्न एसबीआई बैंकों के शाखा प्रबंधक, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

समीक्षा के दौरान डीएम ने योजना के लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

बैठक में बताया गया कि एसबीआई कनखुदिया, पलासी शाखा में 20, एसबीआई मुख्य शाखा में 12, एसबीआई नाथपुर में 12, एसबीआई एडीबी शाखा में 11, एसबीआई रानीगंज में 9, एसबीआई फारबिसगंज में 8, एसबीआई कुर्साकांटा में 5 तथा एसबीआई एएमवाई फारबिसगंज शाखा में 5 ऋण आवेदन लंबित हैं। जिला पदाधिकारी ने संबंधित शाखा प्रबंधकों को सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि योजना के तहत 2 लाख रुपये तक के ऋण के लिए बैंक खाते का विवरण, नवीनतम बिजली बिल तथा भूमि के मालिकाना हक से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है। बैठक में यह भी बताया गया कि सोलर पैनल स्थापना के लिए उपभोक्ताओं को बैंकों के माध्यम से 6 प्रतिशत से कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सौर ऊर्जा अपनाना और अधिक सुलभ एवं किफायती हो गया है।

जिलाधिकारी ने जिले के सभी घरेलू उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस संबंध में कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाने में लगभग 70 हजार रुपये प्रति किलोवाट का खर्च आता है। इस पर केंद्र सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। एक किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट अथवा उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story