पीएम सूर्य घर और ऋण योजनाओं में लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश, कमजोर प्रदर्शन वाले बैंकों पर होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
पीएम सूर्य घर और ऋण योजनाओं में लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश, कमजोर प्रदर्शन वाले बैंकों पर होगी कार्रवाई


कटिहार, 28 जुलाई (हि.स.)। वित्तीय वर्ष 2025-26 की जिला स्तरीय परामर्श समिति की समीक्षात्मक बैठक जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिला समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, लीड जिला प्रबंधक मनीष कुमार सिंह सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारीगण और सभी बैंकों के जिला-समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विभिन्न बैंकिंग व विकास योजनाओं के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में नकद जमा अनुपात की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले का अनुपात 79.98% है। अध्यक्ष महोदय द्वारा कमतर प्रदर्शन वाले बैंकों को इसमें अपेक्षित सुधार लाने एवं लक्ष्य प्राप्ति हेतु कड़े निर्देश दिए गए। वहीं, वार्षिक ऋण योजना के तहत जिले की उपलब्धि 91.10% रही, जिस पर कमजोर प्रदर्शन करने वाले बैंकों को गुणात्मक सुधार लाने और वृद्धि सुनिश्चित करने को कहा गया।

सरकारी योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना और पीएम विश्वकर्मा योजनाओं में लक्ष्य प्राप्ति एवं शत-प्रतिशत ऋण वितरण हासिल करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा, बहुप्रतीक्षित 'पीएम सूर्य घर' योजना में लंबित आवेदनों को त्वरित गति से निष्पादित करने तथा अस्वीकृत आवेदनों की बैंक-वार साप्ताहिक समीक्षा करने पर जोर दिया गया। अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि कमजोर प्रदर्शन करने वाले बैंकों की सूचना राज्य स्तर पर भेजकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में सभी लंबित प्रमाणपत्र वादों से संबंधित रजिस्टर 9 और रजिस्टर 10 का मिलान जारी रोस्टर के अनुसार अविलंब करने का निर्देश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story