डीएम ने लंबित सोलर पैनल अधिष्ठापन में तेजी लाने का दिया निर्देश
अररिया 25 सितम्बर(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में विद्युत विभाग के अभियंताओं एवं सभी बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ योजना की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई।
बैठक में लंबित आवेदनों, सोलर पैनल अधिष्ठापन तथा बैंक स्तर पर ऋण स्वीकृति एवं डिस्बर्समेंट की प्रगति की विस्तृत समीक्षा के दौरान डीएम ने प्रगति रिपोर्ट पर नाराजगी जाहिर की।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि स्वीकृति एवं लोन डिस्बर्समेंट के उपरांत 50 आवेदकों के घरों पर सोलर पैनल का अधिष्ठापन लंबित है। इस पर डीएम ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को स्वीकृति प्राप्त सभी आवेदकों के घरों पर संबंधित वेंडरों के माध्यम से शीघ्र सोलर पैनल अधिष्ठापन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
बैंक स्तर पर समीक्षा के दौरान बताया गया कि 220 आवेदन प्रक्रिया में हैं, जबकि 70 आवेदकों के लोन स्वीकृत हो चुके हैं तथा उनका डिस्बर्समेंट किया जा रहा है। डीएम ने सभी बैंक अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ऋण स्वीकृति एवं डिस्बर्समेंट की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।वहीं सभी वेंडरों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि सोलर पैनल अधिष्ठापन के उपरांत पोर्टल पर शत-प्रतिशत इंट्री सुनिश्चित करें, ताकि योजना के क्रियान्वयन एवं प्रगति की अद्यतन स्थिति पोर्टल पर उपलब्ध रहे।
बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, प्रबंधक जीविका, सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं प्रतिनिधि तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

