प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रति जागरूकता के लिए निकला सोलर रथ

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रति जागरूकता के लिए निकला सोलर रथ


सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आम लोगों को योजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, राघोपुर परिसर से सोलर रथ को रवाना किया गया।

जिलाधिकारी सावन कुमार ने सोलर रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत कार्यालय परिसर में आम का पौधारोपण भी किया।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के महत्व को रेखांकित करते हुए सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने सिमराही निवासी रंजीत कुमार द्वारा अपने परिसर में स्थापित कराए गए 3 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सोलर प्लांट का निरीक्षण किया।

उन्होंने सोलर प्लांट की स्थापना, संचालन एवं उससे होने वाले विद्युत उत्पादन की जानकारी ली। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत लोगों को अपने घरों पर सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। सोलर रथ के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को योजना की जानकारी, सौर ऊर्जा के उपयोग तथा इससे होने वाले लाभ के बारे में बताया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता, राघोपुर धनंजय कुमार सिंह, बीरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद , अंचल अधिकारी रश्मि प्रिया सहित राघोपुर विद्युत प्रमंडल अंतर्गत सभी सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, सुपरवाइजर, लाइनमैन एवं संबंधित वेंडर उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story