पीएम सूर्यघर योजना के तहत 44 आवेदकों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र वितरित

WhatsApp Channel Join Now
पीएम सूर्यघर योजना के तहत 44 आवेदकों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र वितरित


अररिया 24 जुलाई(हि.स,)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत शुक्रवार को समाहरणालय के परमान सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर डीएम विनोद दूहन ने 44 आवेदित घरेलू उपभोक्ताओं के बीच ऋण स्वीकृति पत्र का वितरण किया।मौके पर डीएम द्वारा उपभोक्ताओं के स्वीकृत ऋण के विरुद्ध शीघ्र सोनल पैनल अधिष्ठापन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया।

डीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत 2 लाख रुपये तक के ऋण के लिए केवल बैंक खाते का विवरण, नवीनतम बिजली बिल तथा भूमि के स्वामित्व से संबंधित आवश्यक दस्तावेज ही अपेक्षित हैं। जिला पदाधिकारी ने बैंकों को निर्देशित किया कि इन दस्तावेजों के आधार पर आवेदनों का अनावश्यक विलंब किए बिना त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया गया कि घरेलू उपभोक्ताओं को अपने छत पर सोलर पैनल लगाने का खर्च लगभग 70 हजार प्रति किलोवाट आता है। जिसमें सरकार के द्वारा 1 किलोवाट पर 30 हजार की सब्सिडी, 2 किलोवाट पर 60 हजार एवं तीन किलोवाट या ज्यादा क्षमता के सोलर पैनल लगाने पर 78 हजार की सब्सिडी मिलती है। सोलर पैनल लगाने हेतु बैंकों द्वारा भी 6 फीसदी से कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध है। उपभोक्ता सोलर पैनल लगाने हेतु पीएम सूर्यघर पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं, अथवा अपने नजदीकी बिजली विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story