प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरा राजग गठबंधन समन्वय के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटेगा: संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरा राजग गठबंधन समन्वय के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटेगा: संजय सरावगी


पटना, 09 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बिहार के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैशाली आगमन बिहार के विकास और औद्योगिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर होगा। प्रधानमंत्री के आगमन से राज्य को विकास की नई सौगात मिलेगी और बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

संजय सरावगी सोमवार को जनता दल (यू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी उपस्थित रहे।

संजय सरावगी ने कहा कि 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर बिहार सरकार की ओर से वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है।

उन्होंने कहा कि वैशाली की ऐतिहासिक धरती से बिहार के औद्योगिक भविष्य की नई इबारत लिखी जाएगी। जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र का विकास स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इसका विकास स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। वैशाली की ऐतिहासिक धरती से बिहार के औद्योगिक भविष्य की नई इबारत लिखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का बिहार के प्रति रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि विश्वास और विकास का रिश्ता है। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सड़क, रेल, हवाई संपर्क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बिहार को नई गति दी है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बिहार निवेश और औद्योगिक विकास के उभरते केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। बिहार अब केवल संभावनाओं का प्रदेश नहीं है, बल्कि विकास और निवेश की नई संभावनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार का संकल्प है कि बिहार का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। वर्ष 2005 के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन की स्थापना हुई और आधारभूत संरचना में व्यापक बदलाव आया।

अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सुशासन से समृद्धि की ओर बिहार आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और युवाओं को अपने प्रदेश में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें।

सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री का 21 नवंबर का दौरा बिहार के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री बिदुपुर सिक्सलेन पुल का उद्घाटन भी करेंगे। यह आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से जुड़ा महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे उत्तर बिहार और मिथिलांचल में विकास की नई संभावनाएं विकसित होंगी। आवागमन सुगम होने से व्यापार, उद्योग, कृषि और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन एनडीए के सभी घटक दल आपसी समन्वय और सहभागिता के साथ इसकी सफलता के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे। प्रधानमंत्री का आगमन बिहार की विकास यात्रा को और गति प्रदान करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story