भाजपा नेताओं ने सुनी पीएम मोदी की 'मन की बात', मंत्री ई. शैलेंद्र ने नशा मुक्ति और डिजिटल सुरक्षा के संदेश को बताया प्रेरक

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा नेताओं ने सुनी पीएम मोदी की 'मन की बात', मंत्री ई. शैलेंद्र ने नशा मुक्ति और डिजिटल सुरक्षा के संदेश को बताया प्रेरक


भागलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड का रविवार को भागलपुर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साहपूर्वक सामूहिक श्रवण किया गया। तिलकामांझी क्षेत्र सहित विभिन्न बूथों पर आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र, भागलपुर विधायक रोहित पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार तथा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाज के समक्ष मौजूद गंभीर चुनौतियों का जिक्र करते हुए नशे की लत को युवाओं के सपनों के रास्ते की सबसे बड़ी बाधा बताया। उन्होंने 'नशा मुक्त भारत अभियान' का उल्लेख करते हुए नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता और दृढ़ संकल्प का आह्वान किया, साथ ही नशे की लत से उबरने वाले एक युवा के प्रेरक अनुभव भी देशवासियों के साथ साझा किए। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने डिजिटल सुरक्षा और गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने में सहायक 'संचार साथी' पोर्टल व ऐप की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अब तक इस पोर्टल पर 30 करोड़ से अधिक विजिट और ऐप के करीब 3 करोड़ डाउनलोड हो चुके हैं।

कार्यक्रम में 'मिशन कर्मयोगी', 'फिट इंडिया', 'संडे ऑन साइकिल', जैविक गुड़ तथा बिहार म्यूजियम जैसी सांस्कृतिक धरोहरों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के उपरांत पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नशा मुक्ति और 'संचार साथी' ऐप सहित जनहित से जुड़े कई गंभीर विषयों पर देश का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आम जनमानस को आगाह करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि किस प्रकार नशा युवाओं और समाज को दिग्भ्रमित कर बर्बादी की ओर ले जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story