प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर बक्सर को मिली विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर बक्सर को मिली विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात


बक्सर, 21 नवंबर (हि.स.)।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के अवसर पर बक्सर जिले को विकास परियोजनाओं की कई महत्वपूर्ण सौगात मिली हैं। ऊर्जा, औद्योगिक विकास, शिक्षा, पशुपालन और आवास के क्षेत्र में शुरू की गई इन योजनाओं से जिले की आधारभूत संरचना मजबूत होने के साथ रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।

इस कड़ी में 12.67 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छोटका सिंघनपुरा 33/11 केवी पावर सब-स्टेशन का उद्घाटन किया गया। यहां 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। इससे 56 गांवों के लगभग 11,500 परिवारों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। वहीं, 7,027 करोड़ रुपये की लागत वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता की दूसरी इकाई ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे बक्सर, डुमरांव और आरा सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के साथ औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए नावानगर औद्योगिक क्षेत्र में 125 एकड़ भूमि पर विशेष आर्थिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इसकी एकरारनामा राशि 109.0143 करोड़ रुपये है। इससे जिले में औद्योगिक निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी।

शिक्षा के क्षेत्र में 9.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित तीन विद्यालय भवनों का उद्घाटन किया गया। इनमें नावानगर के परसागण्डा, इटाढ़ी के बड़कागांव और सिमरी के ढकाईच स्थित विद्यालय शामिल हैं। इन भवनों से विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर कक्षा नौ से 12वीं तक शिक्षा की सुविधा मिलेगी। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए डुमरांव स्थित गोकुल ग्राम में राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत 37.043 करोड़ रुपये की लागत से हीफर पालन केंद्र स्थापित किया जाएगा। यहां 500 मादा पशुओं के माध्यम से आधुनिक आईवीएफ और सेक्स-सॉर्टेड सीमेन तकनीक से उच्च आनुवंशिक गुणवत्ता वाली बछियों का उत्पादन होगा।

इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 113 लाभुकों में से सांकेतिक रूप से 10 लाभुकों को नवनिर्मित आवास की चाबियां सौंपी गईं। इन परियोजनाओं का वर्चुअल प्रसारण नावानगर औद्योगिक विकास क्षेत्र एवं चौसा थर्मल विद्युत संयंत्र से किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, इन पहलों से बक्सर के विकास को नई रफ्तार मिलने के साथ जिले की आर्थिक एवं सामाजिक तस्वीर बदलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story