प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे वर्चुअल संबोधन, 2047 के भारत का लिया जाएगा सामूहिक संकल्प: प्रीति शेखर

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 06 अक्टूबर (हि.स.)। पटना में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन 7 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे मिलर हाई स्कूल मैदान में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर भाजपा की प्रदेश महासचिव एवं पटना कार्यक्रम की संयोजक प्रीति शेखर ने बताया कि सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।

प्रीति शेखर ने कहा कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित सरकार के अन्य मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद विकसित भारत के निर्माण को लेकर सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। इस दौरान वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होने वाला संकल्प है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना आवश्यक है।

प्रीति शेखर ने बताया कि संकल्प सभा के बाद सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इसके तहत मीठापुर ब्रिज का नामकरण सेवा ज्योति चौक किया गया है। वहां से यात्रा तारामंडल, हड़ताली मोड़, गांधी मैदान, इस्कॉन टेंपल और आर ब्लॉक होते हुए आगे जाएगी। यात्रा के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को साकार करने के लिए नागरिकों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।

सेवा ज्योति यात्रा इसी भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story