त्रिवेणीगंज में प्रधानमंत्री मातृ जांच शिविर, 311 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
सुपौल, 09 जुलाई (हि.स.)।
अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज तथा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोरियापट्टी और लहरनिया बाजीतपुर में गुरुवार को प्रधानमंत्री मातृ जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उमेश कुमार ने की। आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं शिविर में पहुंचीं, जहां उनका पंजीकरण कर विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई और चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एस. अदीब अहमद ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 311 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया।
इनमें अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में 228, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोरियापट्टी में 76 तथा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लहरनिया बाजीतपुर में 7 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। सभी लाभार्थियों का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं का ब्लड प्रेशर, रक्त शर्करा (शुगर), एल्बुमिन, प्रोटीन, एचआईवी सहित अन्य आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गई। जांच के बाद महिला चिकित्सकों ने सुरक्षित गर्भावस्था, संतुलित आहार, नियमित जांच, संस्थागत प्रसव तथा जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और परामर्श दिया।
प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ जांच शिविर का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की समय रहते पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सभी लाभार्थियों को आवश्यक दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही शिविर स्थल पर शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई।
शिविर को सफल बनाने में डॉ. बी.एन. पासवान, डॉ. सिधरा फातमा, डॉ. पूनम कुमारी, इश्तियाक अहमद, एएनएम, जीएनएम, आशा कार्यकर्ताओं तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं से नियमित प्रसवपूर्व जांच कराने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

