बिहार प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री बक्सर ताप बिजली घर की दूसरी इकाई का करेंगे उद्घाटन
पटना, 18 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को अपने बिहार प्रवास के दौरान वैशाली जिले में आयोजित एक कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बक्सर जिले के चौसा स्थित 1,320 मेगावाट (660-660 मेगावाट की दो इकाई) क्षमता वाले बक्सर ताप बिजली घर की दूसरी इकाई का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उपरोक्त जानकारी बिहार सरकार के सूचना विभाग द्वारा दी गई है।
जानकारी के मुताबिक इस इकाई से बीते सितंबर में व्यावसायिक बिजली उत्पादन शुरू हो चुका है। पहली इकाई ने नवंबर 2025 में परिचालन शुरू किया था। इसका भी उद्घाटन प्रधानमंत्री ने 22 अगस्त 2025 को बोधगया में एक कार्यक्रम के दौरान वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया था।
साल 2014 में केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार बनने और बक्सर से भाजपा सांसद (बाद में केंद्रीय राज्य मंत्री) अश्विनी कुमार चौबे के चुने जाने के बाद परियोजना को प्रशासनिक व राजनीतिक गति मिली। विद्युत और कोयला मंत्रालय के हस्तक्षेप से स्थायी कोयला लिंकेज मिला। 7 मार्च 2019 को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने 10,439.09 करोड़ रुपये की लागत से इसके निर्माण को मंजूरी दी और 9 मार्च 2019 को प्रधानमंत्री ने इसका शिलान्यास किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

