प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट राष्ट्र को समर्पित की, विकास को मिलेगी नई गति

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 21 नवंबर (हि.स.)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे के अवसर पर बक्सर जिले के चौसा स्थित 1320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट (660 मेगावाट) राष्ट्र को समर्पित की। 21 नवंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एसजेवीएन लिमिटेड की इस परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 मार्च 2019 को रखी थी। इसके बाद 22 अगस्त 2025 को पहली यूनिट का उद्घाटन किया गया था। अब दूसरी यूनिट के चालू होने से परियोजना की कुल उत्पादन क्षमता 1320 मेगावाट हो गई है। परियोजना की कुल संशोधित लागत 14,269.40 करोड़ रुपये है।

परियोजना से 85 प्रतिशत संयंत्र भार कारक (पीएलएफ) पर प्रतिवर्ष लगभग 9,828.72 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है। उत्पादित बिजली का 85 प्रतिशत हिस्सा बिहार को मिलेगा, जिससे राज्य की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

परियोजना में आधुनिक सुपर क्रिटिकल तकनीक और उन्नत प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है। निर्माण के दौरान लगभग 65 हजार श्रमिकों को रोजगार मिला। साथ ही 2,54,932 मीट्रिक टन स्टील और 2,84,291 टन सीमेंट का उपयोग हुआ। इसके संचालन से बिहार के औद्योगिक, कृषि एवं घरेलू क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति में मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story