प्रधानमंत्री ने भागलपुर को दी 3,367 करोड़ से अधिक की दो बड़ी सौगातें

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री ने भागलपुर को दी 3,367 करोड़ से अधिक की दो बड़ी सौगातें


भागलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेनद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर जिले को ऊर्जा और स्वच्छता के क्षेत्र में दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। वैशाली से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर करीब 17.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कहलगांव सीवरेज अवसंरचना परियोजना का उद्घाटन किया और लगभग 3,350 करोड़ रुपये की पीरपैंती पावर इवैकुएशन परियोजना की आधारशिला रखी।

इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर जिला प्रशासन की ओर से शहर के टाउन हॉल में विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के सीधे प्रसारण को देखने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। इस दौरान जिले के स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित विभागों के अभियंता और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

कहलगांव सीवरेज अवसंरचना परियोजना के लोकार्पण से कहलगांव शहरी क्षेत्र की वर्षों पुरानी जल निकासी की समस्या का समाधान होगा। नमामि गंगे मिशन के तहत तैयार इस सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के चालू होने से अब शहर के नालों का गंदा पानी सीधे गंगा नदी में नहीं गिरेगा, बल्कि वैज्ञानिक तरीके से शोधित होने के बाद ही प्रवाहित किया जाएगा। इससे गंगा की अविरलता और निर्मलता बनाए रखने में बड़ी मदद मिलेगी।

वहीं, पीरपैंती में बनने वाले 3x800 मेगावाट (कुल 2400 मेगावाट) क्षमता के सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के तहत विद्युत निकासी परियोजना का शिलान्यास क्षेत्र के औद्योगिक और ऊर्जा विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। करीब 3,350 करोड़ रुपये की इस परियोजना के धरातल पर उतरने से भविष्य में पीरपैंती संयंत्र से उत्पादित होने वाली बिजली को सुगमता से नेशनल ग्रिड तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे न केवल बिहार के बिजली ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि पूरे इलाके में विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780801 Articles

Share this story