प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए 31 जुलाई तक होगा आवेदन
सारण, 17 जून (हि.स.)। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा देश के असाधारण बच्चों को सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के तहत नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला सूचना जनसंपर्क अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य उन बहादुर बच्चों को उचित मान्यता देना है, जिन्होंने वीरता, समाज सेवा, पर्यावरण, खेल, कला-संस्कृति और विज्ञान-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज पर गहरा प्रभाव डाला है।
पात्रता के अनुसार उम्मीदवार भारतीय नागरिक हो और 31 जुलाई तक उसकी आयु 5 वर्ष से अधिक तथा 18 वर्ष से कम होनी चाहिए। इस बार ग्रामीण क्षेत्रों, वंचित वर्गों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभाओं को आगे लाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इच्छुक आवेदक स्वयं या उनके माता-पिता, शिक्षक और स्थानीय निकाय आधिकारिक पोर्टल awards.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संबंधित इकाइयों को अपनी अनुशंसा 30 जून तक भेजनी होगी, जबकि पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित है। आम जनता से अपील है कि वे ऐसी असाधारण प्रतिभाओं का नामांकन समय सीमा से पहले सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

