प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मिला स्वीकृति पत्र, बधाई पत्र व आवास की प्रतीकात्मक चाबी
सुपौल, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 20 अगस्त 2026 को पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र एवं नवनिर्मित आवासों की चाबी का वितरण किया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिहार राज्य को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा आवंटित लक्ष्य से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर भी लाइव प्रसारण किया गया। सुपौल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभुकों को स्वीकृति पत्र, बधाई पत्र तथा आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पिपरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामविलास कामत, सांसद प्रतिनिधि राजेन्द्र प्रसाद यादव, जिलाधिकारी सावन कुमार, डीआरडीए के निदेशक, लेखा प्रशासन स्वनियोजन आशुतोष कुमार, डीआरडीए के निदेशक, एनईपी अनित कुमार तथा सुपौल के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं लाभुक उपस्थित रहे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में सुपौल कुल 30 लाभुकों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नवनिर्मित रूप से स्वीकृत 10 लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
10 ऐसे लाभुकों, जिन्हें आवास निर्माण के लिए सहायता राशि प्राप्त हो चुकी है, को बधाई पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा 10 वैसे लाभुक, जिन्होंने अपने आवास का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया है, उन्हें गृह प्रवेश के लिए आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सुपौल जिले के अन्य प्रखंडों में भी लाभुकों को लाभान्वित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में नये स्वीकृत लाभुकों को स्वीकृति पत्र, सहायता राशि प्राप्त कर चुके लाभुकों को बधाई पत्र तथा आवास निर्माण पूर्ण करने वाले लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने लाभुकों से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मिलने वाली सहायता का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप आवास निर्माण में करने की अपील की। साथ ही जिन लाभुकों के आवास निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, उन्हें समय पर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के आवासविहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। योजना के माध्यम से लाभुकों को आवास निर्माण के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे अपने परिवार के लिए बेहतर आवास का निर्माण कर सकें। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के साथ आयोजित जिला एवं प्रखंड स्तरीय कार्यक्रमों ने लाभुकों में उत्साह का माहौल रहा। स्वीकृति पत्र एवं आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्राप्त करने वाले लाभुकों ने सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

