पीएम आवास योजना में स्वीकृति प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश
सुपौल, 27 नवंबर (हि.स.)। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के साथ पीएम आवास योजना और कायाकल्प अभियान की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
पीएम आवास योजना की समीक्षा करते हुए डीडीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लाभुकों के आवास निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर स्वीकृत (सैंक्शन) कराने का निर्देश दिया, ताकि योजना का लाभ पात्र लोगों को समय पर मिल सके और आवास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
वहीं, कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालयों एवं संबंधित संस्थानों में चल रहे जीर्णोद्धार, मरम्मत और रंग-रोगन के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी लंबित योजनाओं को 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित योजनाओं की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने को कहा, ताकि योजनाओं की प्रगति का रिकॉर्ड समय पर उपलब्ध हो सके।
समीक्षा बैठक में एनईपी के निदेशक अनित कुमार, डीआरडीए के निदेशक (अकाउंट) आशुतोष कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) तथा अपर पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं, सभी बीडीओ एवं बीईओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

