जिले में संचालित विभिन्न ग्रामीण विकास एवं स्वच्छता योजनाओं की डीडीसी ने की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
जिले में संचालित विभिन्न ग्रामीण विकास एवं स्वच्छता योजनाओं की डीडीसी ने की समीक्षा


सुपौल, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले में संचालित विभिन्न ग्रामीण विकास एवं स्वच्छता योजनाओं की प्रगति को लेकर शनिवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी कार्यक्रम पदाधिकारी VB G RAM G तथा सभी प्रखंड समन्वयक स्वच्छता शामिल हुए।

समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया। उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को लंबित प्रथम एवं द्वितीय किस्त वाले लाभुकों को आवास निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए निर्धारित स्तर तक निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत वास स्थल विहीन लाभुकों को राजस्व विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से वास स्थल उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए संबंधित अंचलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

विकसित भारत G RAM G योजना की समीक्षा के क्रम में कार्यक्रम पदाधिकारियों को ई-केवाईसी, मानव दिवस सृजन तथा पौधरोपण कार्य में विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने को कहा गया।

वहीं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को IHHL के तहत लंबित एंट्री एवं जियो टैगिंग, Payee ID तथा भुगतान की प्रक्रिया को पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप सोख्ता निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया। बैठक में निदेशक, NEP, निदेशक, लेखा प्रशासन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एवं जिला समन्वयक स्वच्छता सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story