पीएम आदर्श ग्राम योजना के तहत कटिहार के 25 गांवों का होगा कायाकल्प
कटिहार, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले के 12 प्रखंडों के 25 गांवों को 'प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना' के तहत चुना गया है। इन गांवों के समग्र विकास और उन्हें सभी मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए प्रति गांव 20 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपये तक की राशि आवंटित की जाएगी।
शनिवार को आयोजित एक कार्यशाला में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर इन गांवों का सर्वेक्षण पूरा करने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का सख्त निर्देश दिया है।
चयनित गांवों में विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के लिए आधारभूत आंकड़ों का संग्रहण किया जाएगा। इसके लिए जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को 'अजय ऐप' के माध्यम से ऑनलाइन डाटा एंट्री करने का प्रशिक्षण दिया गया है। गांवों के विकास को मापने के लिए 10 डोमेन के अंतर्गत 50 मॉनिटरेबल इंडिकेटर्स (सूचकांक) निर्धारित किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से शुद्ध पेयजल, घरों में शौचालय, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय और पक्की नालियों का निर्माण आदि शामिल हैं।
इस योजना के तहत विशेष रूप से उन गांवों को प्राथमिकता दी गई है, जहां अनुसूचित जाति की आबादी 40 प्रतिशत से अधिक है या उनकी कुल संख्या 500 से अधिक है। योजना के सफल और पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिलास्तर पर 'योजना मूल्यांकन-सह-अभिसरण समिति' का गठन किया गया है। इसी तर्ज पर ग्राम स्तर पर भी समिति बनाई गई है और सर्वेक्षण के लिए विशेष दलों का गठन कर लिया गया है।
योजना के तहत जिले के कदवा, फलका, कुर्सेला, प्राणपुर, मनसाही, बरारी, कोढ़ा, हसनगंज, डंडखोरा, आजमनगर, बलरामपुर एवं बारसोई प्रखंडों को शामिल किया गया है।
इन प्रखंडों के अंतर्गत आने वाले 25 गांव- बिशनपुर, कुचैली, अमोल, सिमरिया रामी, सहसराम, छोटी चातर, बल्थी, दतरंगा, मनसाही, निसहरा मिलिक, नवाबगंज, खुदना, गोरगाँव, ढ़ेरुआ, सोती, बुधोलमणी, पासोल, मटियन, राजोल, शिवानन्दपुर, दौला, गोलन्धा, खरुआ, जहीरपुर एवं अनुपनगर को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। कार्यशाला में जिले व प्रखंड स्तर के सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

