विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने का लिया संकल्प


किशनगंज, 13 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे 12 साल बेमिसाल जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को ठाकुरगंज में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार लखविंदर सिंह लक्खा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह एवं जिला महामंत्री मनीष सिन्हा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरदार लखविंदर सिंह लक्खा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने तथा सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि पिछले वर्षों में देश में आधारभूत संरचना, डिजिटल सेवाओं, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। इन योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और सक्रियता के बल पर संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रवक्ता कौशल किशोर यादव, नगर अध्यक्ष अतुल सिंह, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मुकेश हेंब्रम, जिला प्रवक्ता अरुण सिंह, जिला उपाध्यक्ष बिजली सिंह, युवा मोर्चा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष गौतम चंद्रवंशी, कुलभूषण सिंह, शेखर चंद्र अग्रवाल, नरेश जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story