भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का लिया संकल्प, डीएम ने दिलाई सतर्कता शपथ

WhatsApp Channel Join Now
भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का लिया संकल्प, डीएम ने दिलाई सतर्कता शपथ


किशनगंज, 03 जुलाई (हि.स.)। बिहार सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता शपथ दिलाई।

इस दौरान सभी ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने, ईमानदारी, पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

डीएम ने कहा कि सुशासन की आधारशिला पारदर्शिता और ईमानदारी है। प्रत्येक सरकारी कर्मी का दायित्व है कि वह पूरी निष्ठा और निष्पक्षता से कार्य करते हुए भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों से नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए आम लोगों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 2 से 8 जुलाई तक पूरे बिहार में बिहार सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है।

इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से शपथ ग्रहण, जागरूकता कार्यक्रम, व्याख्यान, प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरी और अन्य जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि समाज में ईमानदारी और जवाबदेही की भावना को मजबूत किया जा सके।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, वरीय उपसमाहर्ता सुनीता कुमारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story