ट्यूबवेल के बिजली तार से खेलते हुए लगा करंट, आठ साल के सूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्यूबवेल के बिजली तार से खेलते हुए लगा करंट, आठ साल के सूम की मौत


किशनगंज, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नगर पंचायत बहादुरगंज के वार्ड संख्या 15 स्थित सताल निहालबाग में सोमवार को करंट लगने से आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बच्चा घर के आंगन में खेलते-खेलते ट्यूबवेल की मोटर के बिजली तार को दांत से छीलने लगा। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक गुलाब के आठ वर्षीय पुत्र जीशान आलम है। परिजन के अनुसार, सोमवार को जीशान घर के आंगन में खेल रहा था। आंगन में ही ट्यूबवेल की मोटर लगी हुई थी। खेलते समय वह मोटर से जुड़े बिजली के तार को दांत से छीलने लगा। इसी बीच अचानक बिजली आ गई और वह तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे की चीख सुनकर परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरगंज ले गए। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने घरों में खुले बिजली के तारों और असुरक्षित विद्युत उपकरणों को बच्चों के लिए बड़ा खतरा बताया। लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन से घरों में सुरक्षित वायरिंग, अर्थिंग तथा बिजली सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story