प्लास्टिक कचरे से बनेंगी सड़कें, डीडीसी ने किशनपुर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
प्लास्टिक कचरे से बनेंगी सड़कें, डीडीसी ने किशनपुर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का किया निरीक्षण


सुपौल, 04 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते प्लास्टिक कचरे की समस्या से निपटने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने किशनपुर प्रखंड स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यूनिट में संचालित कार्यों का जायजा लिया और कचरा प्रबंधन की प्रगति की समीक्षा की।

बताया गया कि सुपौल जिले की सभी अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों के माध्यम से गांवों से प्लास्टिक सहित अन्य कचरा एकत्रित किया जा रहा है। एकत्रित प्लास्टिक कचरे को जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थापित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में भेजा जाता है, जहां उसका प्रसंस्करण एवं उचित निपटान किया जाता है।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक पदार्थों का प्रचलन और उपयोग तेजी से बढ़ा है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक बोतलों एवं अन्य प्लास्टिक कचरे का बेहतर उपयोग सड़क निर्माण में किया जा सकता है। इससे एक ओर प्लास्टिक कचरे का उचित निपटान होगा, वहीं दूसरी ओर सड़क निर्माण में भी इसका उपयोग संभव हो सकेगा।

इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं एवं संवेदकों के साथ बैठक कर सड़क निर्माण में प्लास्टिक के इस्तेमाल को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अभियंताओं एवं संवेदकों ने भी इस पहल पर सहमति जताते हुए जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आगे कार्य करने का भरोसा दिया है।

डीडीसी ने बताया कि सड़क निर्माण में उपयोग के लिए प्लास्टिक कचरे को निर्धारित आकार में छोटे-छोटे टुकड़ों में विखंडित किया जा रहा है। इसके लिए प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में प्रसंस्करण का कार्य चल रहा है। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक मात्रा में प्लास्टिक कचरे को सड़क निर्माण योग्य तैयार करें, ताकि जल्द इसका उपयोग सड़कों के निर्माण में किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान निदेशक आशुतोष कुमार, किशनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी पिंकी कुमारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित स्वच्छता विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story