हरित पीरपैंती अभियान’ के तहत जिक्छो पोखर में किया पौधरोपण
भागलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन की ओर से ‘हरित पीरपैंती अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को मानिकपुर पंचायत स्थित जिक्छो पोखर परिसर में एक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान परिसर में बड़ी संख्या में फलदार और छायादार पौधे लगाए गए और ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर अधिकारी कृष्णा कल्याणी ने बताया कि 'हरित पीरपैंती अभियान' के तहत इस वर्ष क्षेत्र में 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए फाउंडेशन की ओर से ग्रामीणों के बीच लगातार पौधों का वितरण किया जा रहा है, साथ ही विभिन्न सार्वजनिक और सामुदायिक स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से फाउंडेशन पौधों की निगरानी पर विशेष ध्यान दे रहा है और ग्रामीणों को पौधों की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस मौके पर फाउंडेशन के क्वालिटी हेड शैलेन्द्र तिवारी, मुखिया प्रतिनिधि गुंजन साह, सीएसआर अधिकारी आशुतोष पांडेय, प्रोजेक्ट ऑफिसर महेश पटवा सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। स्थानीय ग्रामीणों ने भी फाउंडेशन की इस अनूठी पहल की सराहना की और अभियान में अपना पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

