संभावित बाढ़ 2026 को लेकर डीएम सख्त, कोशी तटबंध पर चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
संभावित बाढ़ 2026 को लेकर डीएम सख्त, कोशी तटबंध पर चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण


संभावित बाढ़ 2026 को लेकर डीएम सख्त, कोशी तटबंध पर चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण


सुपौल, 15 अप्रैल (हि.स.)। सुपौल में संभावित बाढ़ 2026 की तैयारी को लेकर सुपौल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने पूर्वी कोशी तटबंध प्रमंडल, सुपौल अंतर्गत विभिन्न स्थलों पर चल रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने किशनपुर प्रखंड के सुजानपुर गांव में संचालित विलेज प्रोटेक्शन वर्क का जायजा लिया। इस दौरान कार्य में पाई गई कुछ कमियों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता को शीघ्र सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने कोशी तटबंध के स्पर संख्या 64.95 किलोमीटर एवं 68.30 किलोमीटर पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि संभावित बाढ़ के दौरान किसी प्रकार की क्षति न हो।

निरीक्षण के दौरान पूर्वी तटबंध प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित सहायक एवं कनीय अभियंता मौजूद रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story