शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर विधायक ने बीडीओ और बीईओ को रिपोर्ट तलब की

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर विधायक ने बीडीओ और बीईओ को रिपोर्ट तलब की


भागलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। जिले के पीरपैंती प्रखंड के मध्य विद्यालय फेकू टोला में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और शिक्षकों की मनमानी को लेकर छात्र-छात्राओं द्वारा उठाए गए सवालों को स्थानीय भाजपा विधायक मुरारी पासवान ने बेहद गंभीरता से लिया है। विधायक ने इस मामले में तत्काल कड़ा रुख अपनाते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से पूरी रिपोर्ट तलब की है।

उल्लेखनीय है कि विद्यालय की छात्राओं ने विधायक से मिलकर शिकायत की थी कि स्कूल में सभी विषयों की नियमित पढ़ाई नहीं होती है। शिक्षक विद्यालय तो आते हैं, लेकिन शिक्षण व्यवस्था पूरी तरह से असंतोषजनक है। छात्राओं ने विधायक से विद्यालय की बदहाल शिक्षा व्यवस्था में जल्द से जल्द सुधार कराने की मांग की थी। छात्राओं की इस जायज शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक मुरारी पासवान ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे तुरंत मध्य विद्यालय फेकू टोला का स्थलीय निरीक्षण करें और वास्तविक स्थिति की जांच करें।

विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या शिक्षकों की मनमानी सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक मुरारी पासवान ने कहा, बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता।

विद्यालयों में विद्यार्थियों को हर हाल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए और सभी विषयों की नियमित कक्षाएं चलनी चाहिए। शिक्षक अपनी जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। विधायक के इस कड़े रुख के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story