पिपरा में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, दो परिवारों की लाखों की संपत्ति राख

WhatsApp Channel Join Now
पिपरा में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, दो परिवारों की लाखों की संपत्ति राख


पिपरा में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, दो परिवारों की लाखों की संपत्ति राख


सुपौल, 11 अगस्त (हि.स.)।

नगर पंचायत पिपरा के वार्ड नंबर-03 में सोमवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में दो परिवारों की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से दो पशुओं की मौत हो गई, जबकि एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, आग में गजानंद कामत और राजनंदन कामत के घर को भारी नुकसान पहुंचा है। गजानंद कामत की एक छोटी भैंस आग में जलकर मर गई, जबकि दूसरी भैंस बुरी तरह झुलस गई। वहीं, अंजना देवी के घर में बंधी एक खस्सी और एक बकरी भी आग की चपेट में आकर मर गई।

पीड़िता अंजना देवी ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान बिजली के पोल से एक तार टूटकर नीचे गिर गया और बाहर रखे पटसन के सठी पर जा गिरा। तार के संपर्क में आते ही उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग लगने के बाद परिजनों ने किसी तरह घर में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन घर में बंधे पशुओं को समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका। देखते ही देखते आग की लपटें आसपास के करीब चार-पांच घरों तक पहुंच गईं।

अग्निकांड में घर में रखा अनाज एवं अन्य खाद्य सामग्री, जेवरात, नकदी, कपड़े और घरेलू उपयोग के कई सामान जलकर राख हो गए। घटना में पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है।

आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता के कारण आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया। पीड़ित परिवारों ने घटना की लिखित सूचना पिपरा अंचल कार्यालय में देकर प्रशासन से क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग करने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story