पिपरा में संत रविदास जयंती पर निकली कलश यात्रा, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
पिपरा में संत रविदास जयंती पर निकली कलश यात्रा, सामाजिक समरसता का दिया संदेश


सुपौल, 23 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड कार्यालय परिसर में रविवार को श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेंद्र पंडित एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से किया। कलश यात्रा प्रखंड मुख्यालय परिसर से शुरू होकर एनएच-106 के रास्ते गुजरते हुए पुनः प्रखंड परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान संत रविदास जी के विचारों, सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

यात्रा में बीडीओ अमरेंद्र पंडित, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। इस अवसर पर बीडीओ ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकता, भाईचारे और समानता की राह दिखाते हैं। उनके संदेश को आत्मसात कर सामाजिक एकता को और मजबूत किया जा सकता है। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी ने भी संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में समानता और सद्भाव की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

बताया गया कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कलश यात्रा के बाद आगामी 27 अगस्त से प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न टोलों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति परिवारों के पात्र लाभुकों को 23 योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story