पिपरा की दो पंचायतों में आयोजित हुआ सहयोग शिविर, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
पिपरा की दो पंचायतों में आयोजित हुआ सहयोग शिविर, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं


सुपौल, 18 अगस्त (हि.स.)। पिपरा प्रखंड क्षेत्र की निर्मली एवं तुलापट्टी पंचायत में मंगलवार को सरकार के निर्देश पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत स्तर पर आम लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन करने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

सुबह से ही शिविर में ग्रामीणों की आवाजाही शुरू हो गई थी।पंचायत सरकार भवन एवं सामुदायिक भवन परिसर में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएचईडी, मनरेगा, राजस्व, खाद्य आपूर्ति, कृषि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बाल विकास परियोजना तथा विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए थे।

ग्रामीणों ने सड़क, आंगनबाड़ी, बिजली, पेंशन, राशन, आवास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर लिखित एवं मौखिक रूप से आवेदन दिए। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

हालांकि, कई ग्रामीणों ने शिविर में शिकायतों के समाधान को लेकर नाराजगी भी जताई। ग्रामीण भूवनेश्वर मंडल, रघुनंदन मंडल, लक्ष्मी मंडल, गोसाय मंडल सहित दर्जनों लोगों ने आरोप लगाया कि कई मामलों में सिर्फ आवेदन लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी कर दी जाती है, जबकि जमीनी स्तर पर समस्या जस की तस बनी रहती है।

ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविरों से अपनी समस्याएं अधिकारियों तक सीधे पहुंचाने का अवसर मिलता है, लेकिन कई बार आवेदन देने के बावजूद समय पर समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई की मांग की।

निर्मली पंचायत में आयोजित शिविर में मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन्द्र पंडित ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निर्मली पंचायत के सामुदायिक भवन में चल रहे सहयोग शिविर का अपर समाहर्ता, सुपौल ने निरीक्षण किया। वहीं तुलापट्टी पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर का अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, सुपौल मोहम्मद तारिक ने जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके अलावा साइबर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गुप्ता तथा निर्मली पंचायत के सामुदायिक भवन में चल रहे शिविर का यातायात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कमलेश्वर कुमार ने भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्था एवं ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

मौके पर विद्युत कनीय अभियंता विकास कुमार, मुखिया हरिनंदन मंडल, मुखिया विष्णु देव मंडल, जिला परिषद प्रतिनिधि प्रियांशु सिंह उर्फ पंपल, कार्यपालक सहायक कंचन कुमारी, राजेश पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story