पिपरा के रामपुर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, छह घर जलकर राख, चार परिवार बेघर

WhatsApp Channel Join Now
पिपरा के रामपुर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, छह घर जलकर राख, चार परिवार बेघर


सुपौल, 17 मार्च (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रामपुर पंचायत के वार्ड संख्या 11 में सोमवार देर शाम शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। इस हादसे में चार परिवारों के कुल छह घर जलकर पूरी तरह राख हो गए, वहीं घरों में रखा सारा सामान भी नष्ट हो गया।

सूत्रों के अनुसार देर शाम अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। उस समय सभी लोग घर में सो रहे थे। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते छह घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना को अवगत कराया गया, जिसके बाद दमकल की गाड़ी भेजी गई। लेकिन तब तक ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था।

इस अगलगी में रोजीदा खातून, समिला खातून, मोहम्मद मिनहाज और मोहम्मद बसीर के परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। घरों में रखा अनाज, फर्नीचर, कपड़े, बर्तन सहित सभी जरूरी कागजात जलकर खाक हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी इरफान खान मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं पीड़ितों ने अंचल अधिकारी, पिपरा को लिखित आवेदन देकर सरकारी मदद की गुहार लगाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story