पिपरा में 24 घंटे के अंदर रेलवे पटरी किनारे मिलीं दो लाशें, इलाके में सनसनी

WhatsApp Channel Join Now
पिपरा में 24 घंटे के अंदर रेलवे पटरी किनारे मिलीं दो लाशें, इलाके में सनसनी


पिपरा में 24 घंटे के अंदर रेलवे पटरी किनारे मिलीं दो लाशें, इलाके में सनसनी


सुपौल, 21 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग स्थानों पर रेलवे पटरी किनारे दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। लगातार दो शव मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना गुरुवार सुबह लिटियाही की है, जहां रेलवे पटरी के किनारे एक किशोर का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान लिटियाही निवासी 14 वर्षीय सत्यम कुमार के रूप में हुई थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। इस मामले की पुलिस जांच कर ही रही थी कि देर रात थुमहा के समीप रेलवे पटरी किनारे एक और शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया।

दूसरे मृतक की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के करहरवा निवासी सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है। देर रात रेलवे पटरी किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताई है।

हालांकि, पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया सुरेंद्र यादव की मौत ट्रेन से गिरने के कारण होने की बात सामने आ रही है। लेकिन उनकी मौत हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस संबंध में पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरकर व्यक्ति की मौत होने की बात सामने आई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इधर, महज 24 घंटे के भीतर रेलवे पटरी किनारे दो अलग-अलग स्थानों से दो शव मिलने की घटना से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारण सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story