पिपरा के रामपुर में नशे के खिलाफ ग्रामीणों की बड़ी पहल, नशामुक्त पंचायत बनाने का लिया संकल्प
सुपौल, 30 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत के राजपुर में नशे के खिलाफ सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर बड़ी पहल की है।
राजपुर हाट परिसर में आयोजित पंचायत की बैठक में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए पंचायत को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि शराब, स्मैक, गांजा, नशीली सुई सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से युवाओं के भविष्य के साथ-साथ उनके परिवारों पर भी गंभीर सामाजिक और आर्थिक प्रभाव पड़ रहा है। नशे के कारण कई परिवारों की स्थिति प्रभावित हो रही है। ऐसे में इसके खिलाफ सामूहिक स्तर पर अभियान चलाने की जरूरत है। बैठक में नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस एवं प्रशासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे 2,500 रुपये नकद प्रोत्साहन राशि देने की बात कही गई। वहीं, बैठक में नशे का कारोबार करते पकड़े जाने पर कारोबारी पर 51 हजार रुपये तथा नशे का सेवन करते पकड़े जाने पर 5,100 रुपये दंड लगाने का निर्णय लिए जाने की बात कही गई। ग्रामीणों ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान लगातार चलाया जाएगा तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। बैठक में लोगों ने पंचायत को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस से भी सहयोग की अपील की।
बैठक में मुखिया प्रतिनिधि बिपिन कुमार, सरपंच शशिशेखर यादव, पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मण कुमार, तरुण प्रताप, उपेंद्र यादव, एमडी इरफान, अरुण यादव, गोपाल यादव, सुभाष यादव, रौशन कुमार, पवन यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

