नशे के खिलाफ ग्रामीणों की बड़ी पहल, नशा बेचने और पीने वालों को दी सख्त चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ ग्रामीणों की बड़ी पहल, नशा बेचने और पीने वालों को दी सख्त चेतावनी


सुपौल, 27 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के बसहा पंचायत स्थित बिशनपुर में नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने एकजुट होकर बड़ी पहल की है। बिशनपुर मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित पंचायत की बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक रूप से अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि शराब, स्मैक, गांजा, नशीली सुई समेत अन्य मादक पदार्थों के सेवन से युवाओं के भविष्य के साथ-साथ उनके परिवारों पर भी गंभीर सामाजिक और आर्थिक प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नशे के कारोबार की सूचना देने वाले व्यक्ति को 2,500 रुपये नगद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी तथा उसकी पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई। वहीं, बैठक में नशा बेचते पकड़े जाने पर कारोबारी से 51 हजार रुपये और नशा करते पकड़े जाने वाले व्यक्ति से 5,100 रुपये दंड के रूप में लेने का निर्णय लिया गया। हालांकि, ऐसे दंडात्मक कदमों को लागू करने का अधिकार कानूनन संबंधित प्रशासन और पुलिस का ही होगा।

ग्रामीणों ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान लगातार चलाया जाएगा और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाएगा। बैठक में उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प भी लिया। बैठक में सुनील कुमार सुमन, भगवत प्रसाद यादव, कामेश्वर यादव, धनेश्वरी प्रसाद यादव, जगदीश यादव, सतीश यादव, शंभू यादव, महानंद कुमार यादव, दीपक यादव, चंदेश्वरी यादव, संतोष कुमार, राजेश कुमार, प्रभु यादव, रतन यादव, श्यामसुंदर कुमार, लालेंद्र कुमार, दिलीप कुमार, अखिलेश कुमार, वरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story