पिपरा में गणेश महोत्सव का होगा भव्य आयोजन, जोर-शोर से चल रही तैयारियां
सुपौल, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड मुख्यालय स्थित पिपरा बाजार में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणेश महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
इसे लेकर आयोजन समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। पिपरा बाजार के विनोबा मैदान में आयोजित होने वाले गणेश महोत्सव के साथ इस बार छह दिवसीय विशाल मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार गणेश पूजा एवं मेले का शुभारंभ 15 सितंबर से होगा, जबकि आयोजन 20 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
महोत्सव में लोगों के मनोरंजन के लिए इस बार विशेष कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के अनुसार प्रसिद्ध कॉमेडी कलाकार रामलाल और जनकपुरी वाली की प्रस्तुति भी होगी। इसके अलावा नेपाल के चर्चित कलाकार कलकतिया वाली तथा बनारस के कलाकारों द्वारा आकर्षक झांकी और जागरण कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजन के साधनों की भी व्यवस्था की जा रही है। इनमें जलपरी, आसमानी झूला, ड्रैगन झूला और ब्रेकर डांस समेत कई तरह के झूले एवं मनोरंजन के साधन शामिल हैं। बच्चों और युवाओं के साथ परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी मेले में आकर्षण के कई इंतजाम किए जा रहे हैं।
गणेश पूजा समिति एवं मेला समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार गणेश महोत्सव को पहले से अधिक भव्य तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है। पूजा और मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मेले के विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही पुलिस प्रशासन की मौजूदगी भी रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं और मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान धार्मिक आस्था के साथ लोगों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों में भी गणेश महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है और लोगों को बेसब्री से आयोजन शुरू होने का इंतजार है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

