पिपरा में कार्गो ऑटो पलटा, बाइक टकराने से छह घायल

WhatsApp Channel Join Now
पिपरा में कार्गो ऑटो पलटा, बाइक टकराने से छह घायल


सुपौल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एनएच-106 पर अमहा राम टोला के पास सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। पिपरा की ओर से आ रहा कार्गो ऑटो अचानक पलट गया। इसी दौरान अमहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक पलटे ऑटो से टकरा गई। हादसे में ऑटो सवार, बाइक चालक और सड़क किनारे बैठी तीन महिलाएं घायल हो गईं।

बताया गया कि सुबह करीब नौ बजे कार्गो ऑटो पिपरा से अमहा की ओर जा रहा था। अमहा राम टोला के पास अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दौरान सड़क किनारे बैठी तीन महिलाएं ऑटो की चपेट में आकर घायल हो गईं। ऑटो चालक पवन कुमार और उसमें सवार शत्रुघ्न साह भी जख्मी हो गए। दोनों बेलखेड़ा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। ऑटो को सीधा किया जा रहा था, तभी अमहा की ओर से आ रही बाइक उससे टकरा गई। बाइक सवार सुशील कुमार भी हादसे में घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सभी छह घायलों को इलाज के लिए पिपरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोग खतरे से बाहर हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story