क्रिएटर सम्मान समारोह में सैकड़ों सोशल मीडिया क्रिएटर हुए सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
क्रिएटर सम्मान समारोह में सैकड़ों सोशल मीडिया क्रिएटर हुए सम्मानित


सुपौल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बना रहे छोटे और उभरते क्रिएटर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत दिनापट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 14 में क्रिएटर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। भाजपा पिपरा पूर्वी मंडल अध्यक्ष कमलेश कुमार मंडल के आवासीय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने भाग लिया।

समारोह में क्रिएटर्स को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया और सोशल मीडिया पर बढ़ती अश्लीलता से दूर रहकर सकारात्मक एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी सामग्री तैयार करने का संदेश दिया गया। इसका मुख्य उद्देश्य सीमित संसाधनों के बावजूद सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे छोटे क्रिएटर्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, उनका मनोबल बढ़ाना और उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना था।

समारोह में शामिल क्रिएटर्स ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार वे अपने स्तर पर वीडियो एवं अन्य डिजिटल सामग्री तैयार कर लोगों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। समारोह के दौरान क्रिएटर्स से एक-दूसरे का सहयोग करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आगे बढ़ने की अपील की गई।

वक्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया आज मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक बदलाव का भी प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में क्रिएटर्स को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पारिवारिक, शिक्षाप्रद और प्रेरणादायक कंटेंट तैयार करना चाहिए। अश्लीलता, भ्रामक जानकारी और समाज को गलत दिशा में ले जाने वाली सामग्री से बचना समय की मांग है।

इस अवसर पर भाजपा पिपरा पूर्वी मंडल अध्यक्ष कमलेश कुमार मंडल ने उपस्थित क्रिएटर्स को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया क्रिएटर्स की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। उनके बनाए वीडियो और संदेशों का समाज, विशेषकर युवाओं पर गहरा प्रभाव पड़ता है। इसलिए क्रिएटर्स को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ऐसी सामग्री तैयार करनी चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक सोच विकसित हो और युवाओं को सही दिशा मिल सके।

उन्होंने कहा कि लोकप्रियता हासिल करने के लिए अश्लीलता या भ्रामक सामग्री का सहारा लेने के बजाय अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा के माध्यम से पहचान बनानी चाहिए। सोशल मीडिया का उपयोग समाजहित, जागरूकता और सकारात्मक बदलाव के लिए किया जाना चाहिए।

सम्मान समारोह में मेडल प्राप्त करने के बाद क्रिएटर्स में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में बेहतर, शिक्षाप्रद और प्रेरणादायक कंटेंट तैयार करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से छोटे क्रिएटर्स को प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए एक साझा मंच प्राप्त होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story