पिकअप के तहखाने से पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप की बरामद

WhatsApp Channel Join Now
पिकअप के तहखाने से पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप की बरामद


पिकअप के तहखाने से पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप की बरामद


सुपौल, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के बलुआ थाना पुलिस ने शुक्रवार की शाम विशनपुर चौक स्थित पुराने थाना के समीप कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े प्रयास का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने एक टाटा पिकअप वाहन बीआर 50 जीबी 0694 के तहखाने में छिपाकर रखे 70 पैकेट गांजा बरामद किया। बरामद गांजे का कुल वजन करीब 70 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने गांजा लदे पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही चालक सहित तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।

इस बाबत थानाध्यक्ष गुड्डू कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा बलुआ थाना क्षेत्र से होकर गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने विशनपुर चौक के समीप नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों पर नजर रखनी शुरू कर दी।

इसी दौरान स्टेट हाईवे मार्ग पर एक संदिग्ध टाटा पिकअप वाहन नजर आया। पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक ने पिकअप को पुराने थाना के समीप छोड़ दिया और चालक समेत उसमें सवार तस्कर मौके से भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके तहखाने में अलग-अलग पैकेट में छिपाकर रखा गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। बरामद गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, पुलिस इन बिंदुओं पर भी छानबीन कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story