बीएयू में स्नातकोत्तर एवं पीएचडी प्रवेश परीक्षा संपन्न
भागलपुर i, 19 जुलाई (हि.स.)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (एम.एससी.) एवं पी.एच.डी. कार्यक्रमों में नामांकन के लिए आयोजित प्रतियोगी प्रवेश परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व से ही कक्षवार सीट प्लान जारी किया गया था तथा परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखी गई एम.एससी. कार्यक्रम में नामांकन के लिए कुल 1,331 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 1,242 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जो कुल आवेदनों का 93.31 प्रतिशत है।
उपस्थित अभ्यर्थियों में 741 लड़के (55.67 प्रतिशत) तथा 501 लड़कियां (37.64 प्रतिशत) शामिल रहीं। वहीं पीएच.डी. कार्यक्रम में नामांकन के लिए कुल 357 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 305 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यह कुल आवेदनों का 87.89 प्रतिशत है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पूरी परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन में सभी परीक्षा नियंत्रकों, केंद्राधीक्षकों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने परीक्षा के सफल आयोजन पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के चयन के लिए पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रवेश प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

