वैश्विक पेट्रोलियम संकट में विपक्ष का गैर-जिम्मेदाराना बयान: प्रेम रंजन पटेल

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 15 मई (हि.स.)। खाड़ी देशों में छिड़े युद्ध के कारण पूरी दुनिया गंभीर पेट्रोलियम संकट से जूझ रही है, तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी मजबूती और धैर्य के साथ इस चुनौती से लड़ रहा है।

यह समय दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र के साथ खड़े होने का है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्षी पार्टियां इस गंभीर संकट में भी केवल अपने संकुचित राजनीतिक हितों की रोटियां सेकने में मशगूल हैं।उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने कहीं।

उन्होंने कहा कि जहां दुनिया के कई विकसित देशों में ईंधन की कीमतों में 50 से 70 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी हुई है, वहीं भारत सरकार ने अपनी कुशल नीतियों के माध्यम से घरेलू कीमतों में मामूली बढ़त कर आम जनता पर बोझ को न्यूनतम रखा है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये प्रति लीटर तक की कटौती की है। इस कटौती का एकमात्र उद्देश्य केवल जनता को राहत देना ही नहीं, बल्कि तेल कंपनियों के घाटे को कम करना भी है, ताकि देश की पेट्रोलियम आपूर्ति बाधित न हो। आम लोगों को उपलब्धता सुनिश्चित रखने के लिए पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर शुल्क लगाकर यह स्पष्ट कर दिया गया है कि सरकार के लिए 'भारत प्रथम' है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष का रवैया हमेशा की तरह विकास विरोधी और भ्रम फैलाने वाला है। जब पूरा देश एकजुट होकर इस वैश्विक आपदा का मुकाबला करने को तैयार है, तब विपक्षी नेता तथ्यहीन मुद्दों के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

संकट के समय राष्ट्र की एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति होती है, लेकिन विपक्ष ने इस शक्ति को कमजोर करने का बीड़ा उठा लिया है। यह केवल राजनीति नहीं, बल्कि देश की आर्थिक स्थिरता के खिलाफ एक साजिश है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता को यह विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत इस संकट से विजयी होकर निकलेगा। सरकार लगातार अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर नज़र रखे हुए है और आवश्यकतानुसार और भी कड़े फैसले लेने पड़े तो भी जनता साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने कहा कि विपक्ष आपदा में अवसर तलाशने की ओछी राजनीति करना बंद करें और इस वैश्विक संकट के समय एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाए। भारत की जनता प्रधानमंत्री के संकल्पों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है, किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार का करारा जवाब देने के लिए भी तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story