छपरा में कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस रिसाव से लोगों की तबीयत बिगड़ी
सारण, 05 जून (हि.स.)। शहर के साढ़ा बाजार समिति के पास स्थित रामा कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस लीक होते ही आस-पास के घनी आबादी वाले इलाके में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए अपने घरों से निकलकर सड़कों पर भागने लगे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जहरीली गैस के प्रभाव से अचानक लोगों की आंखों में तेज जलन, घबराहट और उल्टियां शुरू हो गईं। कई महिलाओं की तबीयत अत्यधिक बिगड़ने पर उन्हें तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सदर अस्पताल भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर नितेश कुमार और एएसपी राम पुकार सिंह पुलिस बल व फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम नितेश कुमार ने बताया कि अमोनियम गैस का रिसाव हुआ है। स्थिति को काबू में करने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम पानी में विशेष केमिकल मिलाकर लगातार छिड़काव कर रही है।
अधिकारियों ने कोल्ड स्टोर का बारीकी से निरीक्षण किया और पाया कि यहाँ सुरक्षा मानकों में भारी कमी थी। प्रशासन के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में अभी भी निगरानी बरती जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

