लंबित भूमि एनओसी का जल्द हो निष्पादन, पीएमजी बैठक में डीएम का कड़ा निर्देश
कटिहार, 27 जुलाई (हि.स.)। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति एवं प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक साेमवार काे समाहरणालय के एनआईसी कक्ष में हुई। बैठक में जिले के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकासात्मक, बुनियादी ढांचे, भू-अर्जन, सड़क, पुल, विद्युत आपूर्ति और जन कल्याणकारी योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक अभियंताओं व संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण की जाएं। इसके साथ ही, जिन परियोजनाओं में भूमि विवाद या स्थानीय बाधाएं हैं, वहां त्वरित समन्वय स्थापित कर अड़चनों को दूर करने का आदेश दिया गया तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाकर जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पीपीटी के माध्यम से शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति एवं युवा, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम, श्रम संसाधन, पथ निर्माण प्रमंडल, ग्रामीण पथ प्रमंडल, और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल सहित अन्य संबंधित विभागों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के अंतर्गत जमीन उपलब्धता से संबंधित जितने भी एनओसी लंबित हैं, उनका यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी प्रखंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सभी कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि आम जनता को सहूलियत मिल सके।
बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त (कटिहार) एवं सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी और अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

