अधिवक्ताओं के पेन डाउन हड़ताल दूसरे दिन भी रहा जारी, न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप

WhatsApp Channel Join Now
अधिवक्ताओं के पेन डाउन हड़ताल दूसरे दिन भी रहा जारी, न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप


अररिया 19 जून(हि.स.)। फारबिसगंज सिविल कोर्ट के वकीलों का पेन डाउन स्ट्राइक दूसरे दिन भी जारी रहा।जिसके कारण न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप रहा।वकीलों ने भी अनिश्चितकालीन पेन डाउन स्ट्राइक के तहत लगातार दूसरे दिन अपने को न्यायिक कार्यों से अलग रखा।

फारबिसगंज व्यवहार न्यायालय में क्रिमिनल कोर्ट की स्थापना,नवनिर्मित टेन कोर्ट भवन के उद्घाटन समेत वकालतखाना की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन तीसरे चरण में है।

कलमबंद हड़ताल से न्यायालय परिसर स्थित सब जज न्यायालय व मुंसिफ न्यायालय में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। इसके अलावा एसडीएम कोर्ट, डीसीएलआर कोर्ट तथा कार्यपालक दंडाधिकारी न्यायालय में भी कोई प्रभावी पैरवी या बहस नहीं हो सकी।

वहीं मुवक्किल अपने अपने केस में पैरवी करवाने के लिए काफी चिंतित दिखे। धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने सरकार से शीघ्र क्रिमिनल कोर्ट की स्थापना की मांग की। आंदोलन को समर्थन देने में अनुमंडल क्षेत्र के स्थानीय न्याथार्थियों ने भी अधिवक्ताओं की मांगों को जल्द से जल्द हाईकोर्ट एवं सरकार से जल्द से जल्द अधिवक्ताओं की मांग को पूरी करने की गुहार की।

इधर कलमबंद हड़ताल के कारण सैकड़ों वादकारियों को बिना सुनवाई के वापस लौटना पड़ा। भरगामा गांव से आई रूपा देवी एवं गणेश शर्मा ने बताया कि मुंसिफ कोर्ट में उनकी सुनवाई निर्धारित थी, लेकिन अधिवक्ता पैरवी के लिए तैयार नहीं हुए। वहीं रघुनाथपुर गांव के संजीव सिंह ने बताया कि सब जज न्यायालय में उनके मामले की सुनवाई निर्धारित थी, लेकिन अधिवक्ताओं ने पैरवी करने से इंकार कर दिया।

धरना कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश चंद्र वर्मा, महासचिव गोपाल प्रसाद मंडल, एडवोकेट एसोसिएशन के महासचिव सुरेश प्रसाद साह, युवा अधिवक्ता राहुल रंजन, सुमन कुमार मिश्रा, अबू तालिब, अनिल सिंहा, आनंद प्रकाश, सिराजुद्दीन मंसूरी, सुमन कुमार ठाकुर, श्याम सुंदर शर्मा ,उर्मिला जैन, आशुतोष कुमार, सिकंदर यादव, अरबिंद कुमार कंठ, नीलू कुमारी, रिंकी कुमारी, रितु कुमारी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता के साथ दूरदराज़ से आए न्यायार्थी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story