पीकलू हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में हत्या का शक
सीवान, 13 अगस्त (हि.स.)।सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में 12 अगस्त को दिनदहाड़े पीकलू उर्फ नीतीश कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर उद्भेदन करते हुए दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी धनंजय कुमार और शत्रुधन तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि मामले में कुछ और गिरफ्तारियों का इंतजार कीजिए। इसके बाद हत्या के पीछे का मोटिव और पूरा लॉजिक दोनों स्पष्ट रूप से सामने रखा जाएगा। एसपी ने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त को करीब 11:15 बजे जलालपुर गांव में अज्ञात अपराधियों ने अखिलेश्वर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के पुत्र पीकलू उर्फ नीतीश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और जीबी नगर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी अनुसंधान और पुलिस की आसूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई।
मृतक के परिजन के लिखित आवेदन पर जीबी नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। तकनीकी अनुसंधान और प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धनंजय कुमार और शत्रुधन तिवारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि धनंजय कुमार ने मृतक की रेकी की थी और अन्य अपराधियों को सूचना दी थी कि पीकलू उर्फ नीतीश कुमार सैलून से निकला है। वहीं, शत्रुधन तिवारी पर हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार और हेलमेट उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार धनंजय कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध जीबी नगर थाना कांड संख्या 111/18, दिनांक 23 अप्रैल 2018 को भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं सहित विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज रहा है।
पुलिस टीम में जीबी नगर थानाध्यक्ष पु.अ.नि. मनोज कुमार सिंह एवं थाना के अन्य पुलिसकर्मियों के साथ जिला आसूचना इकाई, सीवान की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

