5.70 करोड़ की लागत से बनेंगी पीसीसी सड़कें व आरसीसी नाले, मेयर और डिप्टी मेयर ने किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
5.70 करोड़ की लागत से बनेंगी पीसीसी सड़कें व आरसीसी नाले, मेयर और डिप्टी मेयर ने किया शिलान्यास


भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। शहरी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से भागलपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 49 में विकास कार्यों की शुरुआत कर दी गई है।

नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से स्वीकृत 5 करोड़ 70 लाख 5 हजार 353 रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का मंगलवार को महापौर डॉ. वसुंधरा लाल और उप महापौर डॉ. मो. सलाहउद्दीन अहसन ने संयुक्त रूप से उद्घाटन व शिलान्यास किया। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय पार्षद शशिकला देवी ने किया।

इस राशि से वार्ड के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ अंदरूनी गलियों का भी कायाकल्प किया जाएगा। योजना के तहत वारसलीगंज, मदनुचक, मोतीलाल लेन, काजीचक हरिजन टोला और छत्रपति कॉलोनी सहित अन्य मोहल्लों में पीसीसी सड़क और आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, गली-मोहल्लों के खुले नालों पर सुरक्षा के मद्देनजर ढक्कन भी लगाए जाएंगे।

सड़क और जल निकासी के साथ-साथ स्थानीय निवासियों की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए भी इस पैकेज में प्रावधान किया गया है। इसके तहत वार्ड के विभिन्न हिस्सों में नई जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाई जाएगी और एक नया बोरिंग भवन भी बनाया जाएगा, जिससे गर्मी के दिनों में लोगों को पानी की किल्लत न हो।

शिलान्यास के अवसर पर महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने संबंधित संवेदकों और निगम अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से वार्ड के हजारों नागरिकों को सुगम आवागमन और स्वच्छ वातावरण का सीधा लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story