महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त, कोचिंग सेंटरों के पास की गई सघन गश्ती

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में महिलाओं, युक्तियों और विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए शुक्रवार को 'पुलिस दीदी' की टीम पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। पुलिस कप्तान के निर्देश पर गठित इस विशेष महिला पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास सघन गश्ती अभियान चलाया। एसएम कॉलेज एवं टीएनबी कॉलेज मुख्य द्वारों पर सादे लिबास और वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

खलीफाबाग और तिलकामांझी कोचिंग हब के आसपास छुट्टी के समय सड़कों पर बेवजह खड़े रहने वाले मनचलों और शोहदों को खदेड़ा गया। वहीं छात्राओं के आने-जाने वाले रास्तों पर गश्ती बढ़ा दी गई है ताकि वे निडर होकर आ-जा सकें। गश्ती के दौरान 'पुलिस दीदी' की टीम ने कोचिंग और कॉलेजों से बाहर निकल रही छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया।

महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को हिदायत दी कि यदि कोई भी राह चलते उन पर फब्तियां कसता है या पीछा करता है, तो वे तुरंत बिना डरे इसकी सूचना दें। मौके पर ही छात्राओं के बीच आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए गए ताकि किसी भी विषम परिस्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।

पुलिस प्रशासन के इस कदम की स्थानीय अभिभावकों और छात्राओं ने सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761904 Articles

Share this story