तिरंगे की शान में 13 अगस्त को किशनगंज में गूंजेगा राष्ट्रप्रेम, वीर शिवाजी सेना निकालेगी भव्य तिरंगा यात्रा
किशनगंज, 09 अगस्त (हि.स.)। देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वीर शिवाजी सेना राष्ट्रसेवी संगठन के तत्वावधान में 13 अगस्त को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने को लेकर संगठन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी क्रम में रविवार को वीर शिवाजी सेना के अध्यक्ष सुमित साहा ने राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल से मुलाकात की और उन्हें तिरंगा प्रदान किया। इस दौरान तिरंगा यात्रा को लेकर चर्चा की गई तथा कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसे लेकर संगठन की ओर से विभिन्न स्तरों पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
वीर शिवाजी सेना के अध्यक्ष सुमित साहा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
आयोजकों के अनुसार 13 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को यादगार बनाने के लिए संगठन के कार्यकर्ता लगातार तैयारी में जुटे हैं। यात्रा में देशभक्ति की भावना के साथ युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

