मॉरीशस के राष्ट्रपिता शिवसागर रामगुलाम की 125वें जयंती वर्ष पर उन्हें दी गई श्रद्धांजलि
पटना, 30 मार्च (हि.स.)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी आज मॉरीशस के राष्ट्रपिता शिवसागर रामगुलाम की 125 वें जयंती वर्ष के अवसर पर पटना के गांधी मैदान स्थित रामगुलाम चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और नमन किया।
इस अवसर पर दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, पटना की महापौर सीता साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मौके पर संजय सरावगी ने कहा, बिहार की मिट्टी से जुड़े रामगुलाम जी केवल मॉरीशस के राष्ट्रपिता ही नहीं थे, बल्कि वे उस विचारधारा के प्रतीक थे, जिसने स्वतंत्रता, स्वाभिमान और वैश्विक भारतीय पहचान को नई दिशा दी।
उन्होंने कहा कि भाजपा मॉरीशस के राष्ट्रपिता शिवसागर रामगुलाम के 125 वीं जयंती पर जयंती वर्ष मना रही है। उन्होंने कहा कि मॉरीशस की आज़ादी में उनका योगदान इतिहास के स्वर्णिम अध्याय में अंकित है। वे केवल मॉरीशस के राष्ट्रपिता ही नहीं, बल्कि भारत और मॉरीशस के बीच अटूट सेतु के संस्थापक भी थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वे वर्षों पूर्व भारत की संस्कृति और संस्कार लेकर मॉरीशस पहुंचे, और वहाँ की जीवन-धारा में रच-बस गए। उन्होंने कहा कि शिवसागर रामगुलाम जी ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष कर मॉरीशस को न सिर्फ आज़ादी दिलाई, बल्कि वहाँ के पहले प्रधानमंत्री भी बने। उन्हें मॉरीशस में राष्ट्रपिता का दर्जा प्राप्त है। एक गिरमिटिया मजदूर के बेटे ने संघर्ष के दम पर राष्ट् का प्रमुख बन जाना, कितने गौरव की बात है।
आज उनकी जयंती हमें यह संकल्प लेने की प्रेरणा देती है कि हम उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रहित, वैश्विक एकता और भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

