रेलवे लाइन के पास ग्रामीणों का रास्ता बंद, डीएम से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे लाइन के पास ग्रामीणों का रास्ता बंद, डीएम से लगाई गुहार


किशनगंज, 22 मई (हि.स.)। ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र की तातपौआ पंचायत अंतर्गत दुराघाटी टोला के ग्रामीणों ने मुख्य सड़क मार्ग बहाल कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल राज को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जल्द समाधान कराने की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि गांव अररिया-गलगलिया रेल लाइन एवं मेची नदी के किनारे स्थित है। गांव से मुख्य सड़क तक जाने के लिए एकमात्र रास्ता लंबे समय से उपयोग में था, लेकिन रेलवे निर्माण कार्य के दौरान उक्त मार्ग को बंद कर दिया गया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इसी सड़क मार्ग से होकर लोग अपने खेत-खलिहान, घर परिसर तथा कब्रिस्तान तक पहुंचते थे। रास्ता बंद होने से खेती-किसानी सहित दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। खासकर बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई गई है। आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रेलवे अधिकारियों द्वारा पूर्व में आश्वासन दिया गया था कि रेल परियोजना का कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों के आवागमन के लिए सड़क की व्यवस्था कर दी जाएगी। लेकिन अब रेलवे का कार्य पूरा होने के बावजूद मुख्य मार्ग को दोबारा बंद किए जाने की बात सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से स्थलीय जांच कराकर जल्द से जल्द सड़क मार्ग चालू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। आवेदन पर गांव के कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे आंदोलन करने को भी बाध्य होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story