खेल प्रतिभाओं के जुनून को डीएम का सलाम, बोले- मैदान में पसीना बहाएं, जिले का नाम रोशन करें

WhatsApp Channel Join Now
खेल प्रतिभाओं के जुनून को डीएम का सलाम, बोले- मैदान में पसीना बहाएं, जिले का नाम रोशन करें


खेल प्रतिभाओं के जुनून को डीएम का सलाम, बोले- मैदान में पसीना बहाएं, जिले का नाम रोशन करें


सीवान, 29 अगस्त (हि.स.)।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को खेल भवन व्यायामशाला में खेल प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद को नमन करते हुए जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम में कबड्डी समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यान चंद के तैलचित्र पर जिलाधिकारी के नेतृत्व में पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी, एसपी समेत अन्य पदाधिकारियों का मोमेंटो और पौधा देकर स्वागत किया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के बाद बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। डीएवी इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने बैंड के साथ अतिथियों का स्वागत किया। बच्चों ने कराटे, वुशु और मार्शल आर्ट्स की आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान खींचा ।

जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि सामूहिकता, सहिष्णुता और टीम भावना का पाठ भी पढ़ाता है। विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान के लिए जरूर देना चाहिए। उन्होंने जिले की खेल प्रतिभाओं से नियमित अभ्यास, जुनून और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हर स्तर पर सहयोग और समर्थन देने के लिए सदैव तैयार है।

उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में खेल क्लब और एकलव्य विद्यालय जैसी सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। जीरादेई प्रखंड के भैंसाखाल में स्विमिंग पूल और मल्टीपर्पस हॉल भी प्रस्तावित है। मशाल जैसे खेल आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण और छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से उपलब्ध सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने की अपील की। एसपी भारत सोनी ने कहा कि खेल व्यक्तित्व के संपूर्ण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित खेलकूद से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। निरंतर अभ्यास और अनुशासन ही खिलाड़ी को प्रतिष्ठित मुकाम तक पहुंचाता है। कार्यक्रम के दौरान कबड्डी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया। धज्जू सिंह उच्च विद्यालय भरथुई और महावीरी विजयहाता के बीच हुए मुकाबले में महावीरी विद्यालय ने 26-3 से जीत दर्ज की।

किशुनपाली और भवराजपुर के बीच बालक वर्ग में भवराजपुर की टीम विजेता रही, जबकि भवराजपुर और गहिलापुर के दूसरे मुकाबले में गहिलापुर की टीम ने बाजी मारी।

बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय छाता ने रॉयल एकेडमी को हराया। वहीं महेंद्र हाईस्कूल जीरादेई और उच्च विद्यालय गहिलापुर के मुकाबले में गहिलापुर की टीम विजेता रही। फाइनल में बालक वर्ग का खिताब धज्जू सिंह उच्च विद्यालय भरथुई और बालिका वर्ग का खिताब उच्च विद्यालय छाता ने अपने नाम किया।

मौके पर बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार, डीडीसी अमिताभ सिंह, एडीएम राजस्व प्रमोद कुमार, एडीएम लोक शिकायत इस्तियाक अली, सिविल सर्जन श्रीनिवास कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी बालेंदु पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य वरीय पदाधिकारी, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story