अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरकर घायल यात्री की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरकर घायल यात्री की मौत


किशनगंज, 11 जून (हि.स.)। किशनगंज से बेंगलुरु जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक यात्री की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बीते 9 जून की रात करीब 11 बजे खुरियाल स्टेशन यार्ड में हुई थी। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 15698 डाउन अमृत भारत एक्सप्रेस जब खुरियाल स्टेशन यार्ड से गुजर रही थी, तभी एक व्यक्ति अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल यात्री को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।

मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। उसके पास से कोई पहचान पत्र अथवा अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि वह किशनगंज से बेंगलुरु की यात्रा कर रहा था। रेलवे अधिकारी आईसी हृदेश कुमार ने बताया कि शव की पहचान के लिए प्रयास जारी है। यदि 72 घंटे के भीतर मृतक की पहचान नहीं हो पाती है, तो नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।

उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो मोबाइल नंबर 9031828570 पर संपर्क करें। इधर, आरपीएफ ने यात्रियों से चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़े नहीं होने और यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि जल्दबाजी और लापरवाही के कारण अक्सर इस तरह की दुर्घटनाएं होती हैं, जिनसे जान-माल का नुकसान होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story