केवल किताबी ज्ञान नहीं, बच्चों का सर्वांगीण विकास जरूरी, आदर्श विद्यालयों में अभिभावकों और शिक्षकों का हुआ महामंथन
कटिहार, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले के सभी 20 आदर्श विद्यालयों में बुधवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, बुनियादी सुविधाओं और जरूरतों को लेकर अभिभावकों, शिक्षकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों में वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर व्यापक निरीक्षण कराया। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी (डीएम) आशुतोष द्विवेदी ने स्वयं आदर्श विद्यालय हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया और वहां की शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
कमजोर बच्चों के लिए रेमेडियल क्लास और समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं नामित नोडल पदाधिकारियों ने विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला और खेल संसाधनों के नियमित व प्रभावी उपयोग की समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पढ़ाई में पिछड़ रहे कमजोर विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य रूप से उपचारात्मक कक्षाएं चलाई जाएं। इसके साथ ही आधुनिक शिक्षण विधियों का प्रयोग करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूरा कराने और छात्रों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन करने को कहा गया।
सर्वांगीण विकास के लिए खेल और मासिक परीक्षा कैलेंडर पर बल
शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत विद्यालयों में खेल कैलेंडर, एथलेटिक्स क्लब तथा माहवार परीक्षा कैलेंडर के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर खेलकूद, अनुशासन, रचनात्मकता और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है।
अभिभावकों व छात्र-छात्राओं ने साझा किए अनुभव
संगोष्ठी के दौरान अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के शैक्षणिक माहौल व सुविधाओं को लेकर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। छात्र-छात्राओं ने स्मार्ट क्लास, आधुनिक लैब और खेल सुविधाओं से मिल रहे शैक्षणिक लाभ पर संतोष व्यक्त किया। वहीं जिले के अन्य सभी आदर्श विद्यालयों में भी नामित वरीय अधिकारियों ने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं व पठन-पाठन का निरीक्षण कर व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

